अरविंदर सिंह, हमीरपुर: विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दर्ज करवाने के आखिरी दिन आज बड़सर से भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा ने भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र मैहरे के एसडीएम कार्यालय में दाखिल करवाया गया। माया शर्मा के नामांकन में बड़सर बाजार से लेकर मेहरे एसडीएम कार्यालय तक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के हमीरपुर जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, संसदीय प्रभारी सुमित शर्मा, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में भाजपा के मिशन रिपीट का दावा किया है। हिमाचल में बीजेपी कार्यकर्ताओं में आजाद नामांकन भरने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कई बार नेता और कार्यकर्ता बराबरी के होते हैं, लेकिन कमल का फूल जिसे मिलेगा उसी के साथ बीजेपी का सारा तंत्र चलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि भाजपा प्रत्याशी का साथ दें ताकि भारतीय जनता पार्टी दोबारा से सत्ता हासिल कर सके। वहीं बड़सर भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा के नामांकन को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा भारतीय जनता पार्टी ने एक आम कार्यकर्ता पर विश्वास जताया है।
उन्होंने कहा कि बड़सर में महिला शक्ति काफी सक्रिय है और माया शर्मा बड़सर से भारी मतों से जीत हासिल करेंगी। वहीं बड़सर भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा ने कहा कि पार्टी का टिकट देने पर आभार जताती हूं और जो भी बडसर क्षेत्र की समस्या होगी उसे दूर किया जाएगा। माया शर्मा ने कहा कि उन्होंने बीस सालों से बड़सर क्षेत्र में संगठन का काम किया है और लोगों से पूरी उम्मीद है कि वो वोट देकर सफल बनाएंगे। जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि माया शर्मा को टिकट देने के लिए भाजपा हाईकमान का आभार जताते है और इस बार बड़सर की जनता माया शर्मा को जिताएगी ऐसी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि महिला प्रत्याशी बडसर से भाजपा की ओर से चुनावी मैदान में उतारी गई है जिससे बडसर की जनता भी खुश है।
