चंबा, मंजूर पठान -:चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के कल्हेल में प्रशासन द्वारा वन अधिकार अधिनियम 2006 को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को उनके वन अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में चार पंचायतों—चरोड़ी, करेरी, कल्हेल और भावला—के 32 वार्डों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित लोगों को वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशासन ने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोग किस प्रकार अपने अधिकारों का लाभ उठा सकते हैं और इसके लिए उन्हें किन प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।वहीं, एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि सरकार के निर्देशों के तहत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अधिनियम की बारीकियों से अवगत कराया गया है ताकि वे भविष्य में अपनी-अपनी वन अधिकार समितियों के माध्यम से अपने दावे प्रस्तुत कर सकें और योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
