भावना शर्मा, शिमला: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर किन्नौर कांग्रेस में विवाद गहराता जा रहा है। किन्नौर कांग्रेस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया और उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियां करने के आरोप लगाए जा रहे है। तो वहीं अब इस पूरे मामले पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। निगम भंडारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, निगम भंडारी ने कहा कि टिकट के लिए आवेदन करना युवा कांग्रेस का भी अधिकार है और उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिससे किसी को दिक्कत हो।
उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों से किन्नौर के लोगों के बीच रहे है और उनके सुख-दुख में उनके साथ खड़े हुए है। किन्नौर के लोगों के कहने पर ही उन्होंने आवेदन किया है। इसमें किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह बात कही थी कि युवाओं को विधानसभा चुनाव में आगे लाया जाएगा जिसको देखते हुए हिमाचल में भी युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने टिकट के लिए आवेदन किया है इसे किसी को भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ता तक चुनाव लड़ने का अधिकार है और वह आवेदन भी कर सकता है। किन्नौर कांग्रेस की ओर से जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व देख रहा है और वही उस पर निर्णय लेगा। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और किन्नौर की जनता भी जानती है कि क्या सही है और क्या गलत है।
उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य है। वह उनका आदर और सम्मान करते है। उन्हें कुछ गलत लग रहा है तो उसे नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह एक अनुशासित सिपाही की तरह काम कर रहे हैं और उनका मकसद कांग्रेस को सत्ता में लाना है ओर इसको लेकर एकजुट होकर कांग्रेस काम करेगी।
