Nahan, Satish sharma-:मनरेगा योजना में किए गए संशोधनों के विरोध में युवा कांग्रेस का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका।मनरेगा योजना में किए गए बदलावों को लेकर युवा कांग्रेस का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। नाहन में आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मनरेगा में किए गए संशोधनों को मजदूर विरोधी बताते हुए उन्हें तुरंत वापस लेने की मांग की।
मीडिया से बातचीत करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अरुण ठाकुर और जिला प्रभारी आर्यन चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना में बदलाव कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम को खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संशोधनों से योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों का शोषण बढ़ेगा।उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा में 90 प्रतिशत बजट केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता था, लेकिन अब नए प्रावधानों के तहत 60 प्रतिशत खर्च केंद्र और 40 प्रतिशत खर्च राज्य सरकारों को उठाना पड़ेगा, जिससे राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।युवा कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि योजना की पूरी मॉनिटरिंग अब केंद्र सरकार के हाथ में होगी, जिससे राज्यों के अधिकारों में कटौती होगी। उन्होंने मांग की कि मनरेगा में किए गए सभी संशोधनों को वापस लिया जाए और इस योजना को पहले की तरह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से ही संचालित किया जाए।
