Hamirpur, Arvind-:प्रदेश सरकार के चिट्टा विरोधी अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से 16 दिसंबर को हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा एक विशाल मेगा वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों सहित करीब दस हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में यह मेगा वॉकथॉन शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान से शुरू होगी। पदयात्रा नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, भोटा चौक और हथली खड्ड पुल से होते हुए दोसड़का स्थित पुलिस मैदान में संपन्न होगी। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
एसपी ने बताया कि वॉकथॉन से पूर्व ब्वायज स्कूल मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा “हार्मनी ऑफ पाइन्स” द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही सभी प्रतिभागियों को नशे, विशेषकर चिट्टा के खिलाफ शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद पदयात्रा आरंभ होगी।यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने बताया कि पदयात्रा के दौरान हमीरपुर शहर में ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। शहर से गुजरने वाले वाहनों को अणु, पक्का भरो और मट्टनसिद्ध की ओर से बाईपास मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। केवल आपातकालीन सेवाओं को ही शहर में प्रवेश की अनुमति होगी।वॉकथॉन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के वाहनों की पार्किंग बहुतकनीकी कॉलेज बड़ू के मैदान में की जाएगी। जैसे-जैसे पदयात्रा आगे बढ़ेगी, ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया जाएगा और उनके गंतव्य की ओर वाहनों की उचित व्यवस्था की जाएगी।
