सोलन : योगेश शर्मा -विभाग में विलय करने और छठे वेतन आयोग का लाभ न मिलने को लेकर जिला परिषद कैडर कर्मचारी एक बार फिर मुखर हो चुके है। कर्मचारियों ने पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान अंतिम दिनों में हड़ताल की थी, लेकिन अब इसी मांग को लेकर वे कांग्रेस सरकार में भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर चुके हैं,वहीं इसको लेकर उन्होंने अर्की के विधायक और सीपीएस संजय अवस्थी से सोलन में मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।जिसमें उन्होंने मांग की है कि उन्हें विभाग में विलय किया जाए और सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए ।
जिला परिषद कर्मचारी व अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का कहना है कि जिला परिषद कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का लाभ अभी तक नहीं मिला है। इन मांगों को लेकर उन्होंने सीएम सुक्खू से भी मुलाकात की है,और जब संजय अवस्थी पिछले कार्यकाल में विधायक थे तब भी उन्होंने हड़ताल के दौरान उनको आश्वासन दिया था कि उनकी मांगों पर गौर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका मुद्दा था कि उन्हें विभाग में विलय किया जाए इसको लेकर मुख्यमंत्री से मिले हैं और उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है। राजेश ठाकुर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस की सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देगी और इसे जल्द पूरा करेगी ।
