नूरपुर, संजीव -:भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) योजना के अंतर्गत जिला कांगड़ा के दो सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाईं। इस पहल के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खटियाड़ और सरकारी हाई स्कूल अमरोह को बेंच तथा वाटर प्यूरीफायर भेंट किए गए।
बीबीएमबी के मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खटियाड़ को 100 बेंच तथा सरकारी हाई स्कूल अमरोह को 10 बेंच और एक वाटर प्यूरीफायर प्रदान किया।
इस अवसर पर मनवीन चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए छात्रों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी समाज के विकास और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देता है।मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति की नींव है। उन्होंने बताया कि सीएसआर योजना के माध्यम से स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से छात्रों को पढ़ाई में सहायता मिलेगी और उनकी शिक्षा के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता हरप्रीत सिंह, उपमंडल अधिकारी लवप्रीत सिंह तथा कनिष्ठ अभियंता करमिंदर सिंह भी मौजूद रहे।सरकारी हाई स्कूल अमरोह की मुख्य अध्यापिका मीना शर्मा और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खटियाड़ के प्रिंसिपल प्रवीण कुमार ने बीबीएमबी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में खटियाड़ पंचायत की सरपंच संध्या देवी भी उपस्थित रहीं।
