Summer express/मंडी, धर्मवीर -: अपनी मांगों को लेकर आगामी 24 जून तक गेट मीटिंग के माध्यम से प्रदर्शन कर रहे एचआरटीसी कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार को दो टूक शब्दों में चेतावनी दे डाली है। एचआरटीसी चालक यूनियन के प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने सीएम सुक्खू को चेताया है कि यदि वे प्रदेश में अपनी किरकिरी कराने से बचना चाहते हैं तो निर्धारित समय सीमा से पहले उनकी सभी मांगों को मान लें। अन्यथा 24 जून की रात से ही यूनियन द्वारा एचआरटीसी के पहिए रोक दिए जाएंगें।
प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह यह चेतावनी मंडी में दोनों यूनियनों के बैनर तले आयोजित गेट मीटिंग व धरना प्रदर्शन के दौरान मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के कर्मचारियों की तरह एचआरटीसी कर्मचारियों के खाते में भी हर माह पहली तारीख को वेतन डाला जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, लेकिन कोई भी सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही। प्रदेश सरकार से 75 महीनों का नाइट ओवरटाइम अलाउंस और एरियर का बकाया लेने को हो गया है। सरकार न तो उन्हें वार्ता के लिए बुला रही है और न ही कोई और समाधान निकाला जा रहा है। सरकार के इस रवैये के चलते कर्मचारियों ने अब आंदोलन का झंडा बुलंद कर दिया है और मांगे पूरी न होने तक कर्मचारियों का यह झंडा उठा रहेगा।
