मंडी :धर्मवीर (TSN)- अस्पतालों में सर्दियों के मौसम में अक्सर सर्दी- जुखाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। जोनल हास्पिटल मंडी की सामान्य ओपीडी में भी रोजाना 40 से 50 प्रतिशत मरीज इसी शिकायत के साथ पहुंच रहे हैं। पहले जब ऐसे मरीज अस्पताल पहुंचते थे तो उनका सीधा कोविड का टेस्ट किया जाता था। लेकिन अब ऐसे मरीजों के किसी भी प्रकार के कोविड टेस्ट नहीं करवाए जा रहे हैं।
मौसम परिवर्तन के साथ यह सामान्य जुखाम-बुखार
सीएमओ मंडी डा. नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मौसम परिवर्तन के साथ इस प्रकार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। लेकिन यह सामान्य सर्दी-जुखाम-बुखार है,जिसे कोरोना नहीं कहा जा सकता। वैसे भी अब कोरोना महामारी नहीं रही है। इसलिए यदि किसी मरीज की गंभीर मेडिकल हिस्ट्री है और उसकी इम्यूनिटी कमजोर है तो ऐसी स्थिति में ही कोविड टेस्ट करवाया जा रहा है। सीएमओ मंडी ने लोगों से कोविड के नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं जोनल हास्पिटल मंडी के चिकित्सक डा. दुष्यंत ठाकुर ने बताया कि सामान्य दिनों के मुकाबले सर्दी, जुखाम, बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। यह सब मौसम में बदलाव के कारण हुआ है जोकि सामान्य बात है। इस प्रकार के मामलों को कोरोना के साथ नहीं जोड़ा जा सकता। इसलिए मरीजों को सामान्य दवाईयां दी जा रही हैं, जिससे वे ठीक भी हो रहे हैं। कोविड टेस्ट काफी कम करवाए जा रहे हैं।
अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीज भी बीना किसी संकोच के अपना उपचार करवाने के लिए आ रहे हैं। उपचार करवाने आए शालीगराम राजू ने बताया कि इससे पहले ऐसे लक्ष्णों पर सीधे कोविड का टेस्ट करवाया जाता था और इस कारण बहुत से लोग अस्पताल ही नहीं आते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होता।
