मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी जिला में बरसात के दौरान दो मर्तबा हुई भारी बारिश से जहां कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और कईयों को घर से बेघर होना पड़ा, वहीं इस बारिश के कारण बेजुबान पशुओं को भी काल का ग्रास बनना पड़ा है। मंडी जिला में जुलाई और अगस्त के महीने में हुई भयंकर बारिश के कारण 465 पशुओं की मौ+त हुई है और इस कारण पशुपालकों का 1 करोड़ 33 लाख 16 हजार 500 का वित्तिय नुकसान हुआ है। दुधारू पशुओं के मरने के कारण जिला में 45 लाख 76 हजार 500 के उत्पादन का नुकसान भी आंका गया है।
प्रभावितों को जारी की जाएगी मुआवजा राशि
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. संजीव नड्डा ने बताया कि जिला में भारी बारिश के कारण अभी तक 93 गायें, 28 भैंसें, 16 बैल, 16 बछड़ियां, 15 बछडे, 3 कट्टियां, 291 भेड़-बकरियां और 3 खच्चर-घोड़ों की मृत्यु हुई है। इन सभी की रिपोर्ट जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को भेज दी गई है और सभी को प्रशासन द्वारा नियमों के तहत मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। वहीं, भारी बारिश के कारण पशुपालन विभाग का भी 1 करोड़ 62 लाख 33 हजार का नुकसान हुआ है। विभाग के 9 भवन भारी बारिश की चपेट में आए हैं जिनमें 4 भवन पूरी तरह से क्षतिग्रसत हो चुके हैं। इनमें पशु औषधालय घ्राण, शिवाबदार, रजवाड़ी और भद्रवाड़ शामिल हैं। बाकी पांच भवनों को भी काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। जो भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं उनका संचालन नीजि भवनों में किराए के कमरे लेकर दोबारा से शुरू कर दिया गया है।
