संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में सेब वजन के हिसाब से बिकना शुरू हो गया हैं। इस बीच सरकार की ओर से लगाई गई 24 किलो की अपर सीलिंग सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गया हैं। अब इस मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व में प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष रहे कुलदीप सिंह राठौर ने बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से सेब पर लगाई गई 24 किलो की अपर सीलिंग को लेकर पुनर्विचार करने को लेकर पत्र लिखा हैं। उन्होंने इस अप्पर लिमिट को हटाने की मांग उठाई हैं।
कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि जब तक प्रदेश में यूनिवर्सल कार्टन की उपलब्धता नहीं होती है तब तक प्रदेश के सेब बगवानों को इस 24 किलो की अपर लिमिट में छूट दी जाए। कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि इस बारे में उन्होंने बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी को पत्र लिख कर बागवानों की मांग उठाई है और वे इस मुद्दे पर बागवानी मंत्री के साथ होने वाली बैठक में भी शामिल रहेंगे।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में सेब वजन से बिक पाए इसके लिए उन्होंने पुरजोर आवाज उठाई और मुखर होकर अपनी बात रखी हैं। ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में यूनिवर्सल कार्टन की उपलब्धता को लेकर कहा कि अगले साल आने वाले सेब सीजन तक प्रदेश में यूनिवर्सल कार्टन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार को काम करना चाहिए।
वहीं वाशिंगटन एप्पल पर आयात कर 70 फ़ीसदी से घटाकर 50 फ़ीसदी करने को लेकर प्रदेश कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रही हैं। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार के इस फैसले को साफ शब्दों में गलत करार दिया और सेब पर आयात कर को बढ़ाकर 100 फ़ीसदी करने की मांग भी केंद्र सरकार से उठाई हैं। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि इसका बुरा प्रभाव प्रदेश के बागवानों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेताओं को भी केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार से इस मामले पर पुनर्विचार करने की मांग करनी चाहिए।
