Hamirpur, Arvind Singh-हमीरपुर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत 680 घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इस योजना का लाभ लेकर इन परिवारों ने न केवल बिजली बिलों से राहत पाई है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर आय का भी साधन बना लिया है।
बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने जानकारी दी कि अब तक बोर्ड को कुल 717 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 680 को स्वीकृति दी गई है। शेष आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है।इस योजना के तहत सरकार दो किलोवाट तक की सौर प्रणाली पर 60% और दो से तीन किलोवाट तक पर 40% की सब्सिडी देती है। अधिकतर लाभार्थी तीन किलोवाट की प्रणाली को प्राथमिकता दे रहे हैं।
योजना का उद्देश्य है कि देशभर में एक करोड़ परिवारों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएं ताकि हर माह 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिले और सालाना 15,000 रुपये तक की बचत हो सके।बिजली बोर्ड के मुताबिक, कुछ अधिकृत कंपनियों के माध्यम से ही सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं। इन पैनलों से उत्पन्न अतिरिक्त विद्युत यूनिट बिजली ग्रिड में भेजी जाती है, जिससे उपभोक्ता को प्रति यूनिट के हिसाब से आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।यह योजना न केवल पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रही है, बल्कि आम जनता को आर्थिक रूप से सशक्त भी बना रही है।
