अनिल कुमार,किन्नौर : किन्नौर जिला के चीन सीमांत क्षेत्र शलखर व समदो के मध्य पहाड़ियों से लगातार भूूूस्खलन होने का सिलसिला जारी है। लगातार पहाड़ियों से गिर रहे मलबे की वजह से सड़क बहाली के कार्य में भी दिक्कतें पैदा हो रही है। प्रशासन सड़क बहाल तो कर रहा है लेकिन इस जगह पर भूस्खलन रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
भूस्खलन होने की वजह से राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 अवरुद्ध होने के चलते पर्यटकों समेत अन्य लोगों को
कई परेशानियों क़ा सामना करना पड़ रहा है। यहां पर सड़क को बहाल करना भी जोखिम भरा काम है साबित हो रहा है क्योंकि लगातार हो रहे भूस्खलन से हल्के हल्के पत्थर भी पहाड़ियों से नीचे सड़क पर आकर गिर रहे हैं।
जिला के शलखर व समदो में बारिश का दौर जारी है ऐसे मे इस शुष्क इलाके मे मिट्टी के टीले व कच्ची पहाड़ियों से भूस्खलन होने लगा है। इस वर्ष शलखर व समदो मे बारिश के चलते बाढ से किसानो व बागवानो क़ा लाखो का नुकसान भी हुआ है और अब दोबारा से बारिश पहाड़ो पर कहर बरपा रही है। वहीं राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 बाधित होने के चलते लोगों को अपने गंत्वयों तक पहुंचने में खतरों क़ा सामना करना पड़ रहा है.
बता दें कि शलखर व समदो के मध्य कच्ची पहाड़ियों से अभी भूस्खलन होने के बाद प्रशासन की ओर से बड़ी बड़ी मशीनों की सहायता से सड़क बहाली क़ा कार्य किया जा रहा है। जल्द ही सड़क बहाली की उम्मीद भी जताई जा रही है। फिलहाल जिस जगह पर लैंडस्लाइड हो रहा है उस क्षेत्र से वाहनों को दूर किया गया है ताकि भूस्खलन में किसी के जानमाल का नुकसान न हो।
