भावना शर्मा, शिमला: शिमला में दो दिन से भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश से अब लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही है। शुक्रवार सुबह ही टूटीकंडी खलीनी नेशनल हाइवे पर रामनगर के पास सड़क पर लैंडस्लाइड के कारण भारी मलबा सड़क पर आ गया। मलबा इतना ज्यादा था की यहां सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई। गनीमत यह रही कि जब लैंडस्लाइड हुआ तो उस समय कोई गाड़ी यहां से नहीं गुज़र रही थी।
इस भूस्खलन से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां भी मलबे की चपेट में आ गई है। करीब तीन गाड़ियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों ओर से गाडियों की लंबी कतारें लगी हुई है। जाम में एक एम्बुलेंस भी फंस गई। एम्बुलेंस मरीज को लेने आई थी।
वहीं मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन लोकनिर्माण के अधिकारी पहुंचे है और मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है । लोकनिर्माण विभाग की ओर से मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई। करीब दो घंटे से सड़क बंद है, हालांकि मलबा हटा कर फिलहाल एकतरफा वाहनों की आवजाही शुरू कर दी गई है ओर एम्बुलेंस को भी निकाल लिया गया है।
बता दे की शिमला में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। बीती रात से भी लगातार बारिश का दौर जारी है ऐसे में लैंडस्लाइड होने की घटनाएं भी शुरू हो गई है। मौसम विभाग की ओर से आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
