Shimla, Sanju (TSN)– मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार हाई कोर्ट द्वारा विमल नेगी केस की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के फैसले का स्वागत करती है और इसके खिलाफ कोई अपील नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जांच में सीबीआई को पूरा सहयोग देगी।
पुलिस विभाग में आंतरिक खींचतान
शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान सीएम सुक्खू ने माना कि पुलिस विभाग में आंतरिक खींचतान है और यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी अधिकारी की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर विमल नेगी की पत्नी उनसे मिलकर पहले ही सीबीआई जांच की मांग करतीं, तो वे स्वयं इसे सीबीआई को सौंपने के पक्ष में होते। उन्होंने बताया कि डीजीपी, शिमला पुलिस की SIT और ACS होम – तीनों की रिपोर्ट अलग-अलग हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो गई थी।
जयराम ठाकुर तथ्यों के आधार पर करें बात
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को पीड़ित परिवार से कोई सहानुभूति नहीं है, बल्कि वह इस मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि वे तथ्यों के आधार पर बात करें।
हाई कोर्ट की टिप्पणी पर जताई असहमति
मुख्यमंत्री ने हाई कोर्ट की उस टिप्पणी पर असहमति जताई जिसमें सीबीआई टीम में हिमाचल के किसी अधिकारी को शामिल न करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियों से बचना चाहिए क्योंकि इससे राज्य के अधिकारियों की प्रतिष्ठा पर असर पड़ता है।
