Mandi, Dharamveer — उपमंडल जोगिंद्रनगर के अंतर्गत भराड़ू के समीप चनेहड़ में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया।एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल
घायलों की पहचान पूर्व सैनिक गोविंद राम, उनकी पत्नी कमला देवी, और उनकी पोती निधि के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि यह सभी लोग जोगिंद्रनगर से अपने गांव बनारू लौट रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा चनेहड़ के समीप एक तीखे मोड़ पर हुआ, जहां चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नाले में जा गिरी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि की है।
