Una, Rakesh-:शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में नो-वेंडर ज़ोन और नो-पार्किंग क्षेत्रों को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया है। डीसी कार्यालय से कॉलेज तक निर्धारित मार्ग पर इन नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। नगर निगम ऊना और पुलिस विभाग द्वारा आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच, शहरी व्यापार मंडल ऊना ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि येलो लाइन के भीतर खड़े वाहनों के भी चालान किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय कारोबार पर प्रभाव पड़ रहा है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का कहना है कि बाहर से आने वाले ग्राहक आमतौर पर कुछ मिनटों के लिए वाहन रोककर आवश्यक सामान खरीदते हैं, लेकिन ऐसे अल्पकालिक ठहराव पर भी चालान किए जा रहे हैं। व्यापारियों का मानना है कि इससे ग्राहक शहर में खरीदारी करने से हिचकिचा सकते हैं और व्यवसाय प्रभावित हो सकता है।
व्यापार मंडल ने मांग की है कि येलो लाइन के भीतर 10–15 मिनट के लिए खड़े होने वाले वाहनों को चालान से छूट दी जाए, ताकि ग्राहकों को सुविधा मिल सके और बाजार की गतिविधियां सुचारू रहें। साथ ही उन्होंने पार्किंग शुल्क और समय सीमा में भी संशोधन करने की आवश्यकता जताई।ज्ञापन सौंपने के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देना नहीं है, बल्कि व्यवसाय और यातायात प्रबंधन के बीच संतुलन बनाए रखना है।जिला उपायुक्त जतिन लाल ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर पुलिस अधीक्षक के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था भी बनाए रखी जा सके और व्यापारियों की चिंताओं का समाधान भी हो सके।
