Bilaspur, Subhash-:मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश भर में चल रहे एंटी-चिट्टा जन-जागरूकता अभियान के तहत 26 दिसंबर को जिला मुख्यालय बिलासपुर में भव्य एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंगलवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर 2025 को शिमला से प्रदेश स्तरीय एंटी-चिट्टा अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसकी कड़ी के रूप में अब बिलासपुर में यह वॉकाथॉन आयोजित की जा रही है।उन्होंने बताया कि वॉकाथॉन में जिला बिलासपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, महिला एवं युवक मंडल तथा समाज के विभिन्न वर्गों से लगभग 15 हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज की दिशा में जन-जागरूकता बढ़ाना है।
यह वॉकाथॉन पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), बिलासपुर से आरंभ होकर सिंथेटिक स्पोर्ट्स ग्राउंड, लुहणू में संपन्न होगी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वॉकाथॉन के रूट में बॉयज स्कूल मेन गेट, हवा घर, संजू फर्नीचर शॉप, गुरुद्वारा चौक, हॉटस्पॉट रेस्टोरेंट, मस्जिद चौक, गर्ल्स स्कूल, बिजली कार्यालय, लुहणू बाइफरकेशन और इंडोर स्टेडियम होते हुए सिंथेटिक ग्राउंड लुहणू शामिल है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वॉकाथॉन के दौरान जारी ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दें।
