Sirmour, Satish Sharma-:नकली पुलिस अधिकारी बनकर हरिपुरधार पहुंचे दो लोगों को सिरमौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस अधिकारी का प्रतिरूपण करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।बीते कल शाम करीब 6 बजे रेणुका पुलिस ने नाके के दौरान दो वाहनों—एक बोलेरो और एक इनोवा—को हूटर बजाते हुए आते देखा। पुलिस ने जब वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों गाड़ियां बिना रुके आगे बढ़ गईं।
शक के आधार पर रेणुका पुलिस ने वाहनों का पीछा किया और संगड़ाह व हरिपुरधार पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद हरिपुरधार में घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया गया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने दोनों गाड़ियों को डिटेन कर लिया।तलाशी और पूछताछ के दौरान संदेह गहराने पर पुलिस ने अजय और उदय शर्मा नामक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रेणुका थाना लाया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर सहित 7 जिंदा रौंद और एक राइफल के साथ 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
निश्चिंत सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर:
“रेणुका थाना में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किस मकसद से नकली पुलिस अधिकारी बनकर इलाके में पहुंचे थे और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।”पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
