Shimla, 23 December-:जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला अनुपम कश्यप के मार्गदर्शन में छौहारा विकास खंड की पंचायतों को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से सशक्त बनाने हेतु आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। यह वितरण पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र योजना के अंतर्गत किया गया।इस योजना का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को मजबूत करना है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम द्वारा खंड विकास कार्यालय छौहारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायत प्रतिनिधियों को आपदा प्रबंधन किट प्रदान की गई।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत को सेफ्टी हेलमेट, लाइफ जैकेट, रस्सी, सर्च लाइट, ताला-चाबी, ट्रंक, सीटी, फोल्डिंग स्ट्रेचर, तिरपाल, व्यक्तियों के लिए टेंट, गैंती, कुल्हाड़ी, फावड़ा, हथौड़ा, सीढ़ी, प्राथमिक उपचार किट एवं मेगाफोन उपलब्ध करवाए गए। इस अवसर पर ब्लॉक की कुल 30 पंचायतों के प्रतिनिधियों को समान रूप से उपकरण किट वितरित की गई तथा उनके उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।जिला दण्डाधिकारी अनुपम कश्यप ने कहा कि पंचायतें आपदा प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और उन्हें आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ये उपकरण प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वितरित सामग्री का उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर इसका जिम्मेदारीपूर्ण एवं प्रभावी उपयोग किया जाए।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी छौहारा हिमानी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला के प्रलेखन समन्वयक गौरव मेहता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
