बिलासपुर-:बिलासपुर जिला की बाहट कसोल पंचायत में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह का सफल समापन हुआ। युवा नेता एवं समाजसेवी रोहित ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान रोहित ठाकुर ने विभिन्न महिला मंडलों से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या को प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनकी आवाज को एक मजबूत मंच प्रदान करना है।
रोहित ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान बरमाना वार्ड के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायतों में चलाया गया, जहां टीम ने घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास किया।उन्होंने बताया कि महिलाओं ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कई अहम मुद्दे उठाए हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि इस तरह का जनसंपर्क अभियान लोगों से सीधे जुड़ने का प्रभावी माध्यम है, जिससे न केवल समस्याओं की सही जानकारी मिलती है, बल्कि उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना भी संभव होता है।उन्होंने बरमाना वार्ड को आदर्श और विकसित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।
