धर्मशाला, राहुल-: विकास खंड धर्मशाला की पंचायत समिति (बीडीसी) के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को डीसी कार्यालय धर्मशाला में आयोजित किया गया।समारोह में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने पंचायत समिति के 18 में से 17 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते एक सदस्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, जिन्हें नियमानुसार बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और पंचायत समिति की कार्यप्रणाली से भी अवगत करवाया गया।एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि पंचायती राज अधिनियम की धारा 79 और 80 के तहत सदस्यों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण इकाई है और इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश सदस्य पहली बार पंचायत समिति में निर्वाचित होकर आए हैं। युवा प्रतिनिधियों की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
विधायक सुधीर शर्मा ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समितियां और जिला परिषदें पंचायती राज व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि नए जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।उन्होंने बताया कि पंचायत समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव अभी शेष है, जिसे प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के बाद पंचायत समितियों और जिला परिषदों को और अधिक अधिकार मिलने की संभावना है, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी।उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में अधिसूचना के माध्यम से किए गए कुछ बदलावों का भी उल्लेख किया तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका और राजनीतिक समझ के सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया।
