चिंतपूर्णी-:पंजाब के गुरदासपुर जिले से श्री चिंतपूर्णी धाम और मां ज्वाला जी के दर्शनों के लिए पहुंची श्रद्धालुओं की संगत ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता और सेवा का संदेश भी दिया। दीनानगर के गांव झंडे लालवाल स्थित श्री आनंद धाम आश्रम से श्री महंत अमृतकला दास की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था चिंतपूर्णी पहुंचा।
माता चिंतपूर्णी के दरबार में नतमस्तक होकर श्रद्धालुओं ने परिवार और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद संगत ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।इस दौरान श्रद्धालुओं ने महिला सदन और लंगर हॉल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया। संगत के सदस्यों ने परिसर की सफाई व्यवस्था में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अन्य श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।संवाददाताओं से बातचीत में महंत अमृतकला दास ने बताया कि मां चिंतपूर्णी उनकी कुलदेवी हैं और वे बचपन से ही पैदल यात्रा कर माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी संगत को माता रानी के दर्शन करवाने के उद्देश्य से धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया।उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और निजी खर्च से इस पावन यात्रा में शामिल हुए हैं। धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और सेवा को जोड़कर संगत ने समाज के लिए सकारात्मक संदेश दिया।

