राहुल चावला, धर्मशाला। धर्मशाला के तपोवन विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान तीन अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी, मंडी में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया और प्रदेश के अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाने को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट की।मुख्यमंत्री सुक्खू ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा गांधी के नेतृत्व और बांग्लादेश के गठन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का भी जिक्र किया।
वहीं, मंडी में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने वाले परिवारों का दर्द बेहद असहनीय है। इस मुश्किल समय में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।इसके अलावा, अस्पतालों में दवाइयों की गुणवत्ता के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार दवाइयों की खरीद और सप्लाई के लिए 500 करोड़ रुपये टर्नओवर वाली कंपनियों की शर्त लागू करना चाहती है, ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, छोटे वेंडरों के हाईकोर्ट जाने के बाद इस मामले में स्टे लगा हुआ है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मकसद प्रदेश की जनता को सुरक्षित और बेहतर गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध करवाना है।
