संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश और केंद्र की सरकारें भले ही विकास के कितने ही दावे कर ले लेकिन विकास कहां,कब और कितना हुआ है इसकी सच्ची तस्वीरें सरकार के दावों की पोल खोल रही है। प्रदेश में अभी भी ऐसी पंचायतें हैं जो आजादी के 75 वर्षों के बाद भी सड़क सेवा से महरूम है। ऐसी ही एक पंचायत है अमरेला पंचायत। ज्वाली विधानसभा हल्के की अमलेला पंचायत में आजादी के 75 वर्षों बाद भी लोग सड़क सुविधा से वंचित है।
पंचायत अमलेला का मेघराजपुर रेलवे स्टेशन से जाने वाला यह रास्ता ज्वाली के विकास की कहानी बयां कर रहा है। राजनेता भले ही विकास के दावे करते हो लेकिन हकीकत में विकास यहां से कोसों दूर है। कांग्रेस राज में भी लोगों को पक्का रास्ता मुहैया करवाने के आश्वासन मिलते रहे और मौजूदा सरकार में भी विधायक अर्जुन सिंह भी आश्वासन ही देते रहे।
गांव निवासी पूजा चौधरी ने विडियो के माध्यम से इस गांव की दास्तां ओर रास्ते की दर्द भरी कहानी की विडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर बयां किया है। पूजा चौधरी ने बताया कि उनके गांव को जोड़ने वाले रास्ते की हालत काफी खराब है ओर अगर कोई बीमार हो जाता है तो मरीज को कुर्सी पर बैठाकर या चारपाई में डालकर मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है। आजतक एंबुलेंस मार्ग भी नहीं बन पाया है। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है ओर राजनेताओं के विकास के दावों की पोल को खोल कर रख दिया है।
