राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियों के साथ ही जिला प्रशासन ने भी अपने चुनावी अभियान में तेजी लाई है। प्रशासन भी इन दिनों मतदाताओं को जागरूक करने में दिन रात एक कर रहा है। इसके लिए बाकायदा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए संस्थानों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
वहीं बात अगर कांगड़ा जिला प्रशासन की कि जाए तो प्रशासन की ओर से स्थानीय कलाकार कुमार साहिल की आवाज में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक गाना भी तैयार किया गया है, जिसमें हर उन बातों का जिक्र किया गया है जिसके जरिए मतदाता मतदान करने के लिये प्रेरित हो सकता है। वहीं खास तौर पर शैक्षणिक संस्थानों में भी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर मदद ली जा रही है, ताकि हर 18 साल और इससे ऊपर का मतदाता लोकतांत्रिक प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में अपनी अहम भूमिका निभा सके।
जिलाधीश कांगड़ा डॉ.निपुण जिंदल की मानें तो उनकी ओर से अभी 33 हजार नए वोटर्स सिर्फ और सिर्फ कांगड़ा में बनाए गए है जिन्होंने 18 साल की आयु मुक्कमल कर ली है। वहीं जिला में लोकतंत्र का उत्सव नाम से कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें हर मतदाता को मतदान करना क्यों जरूरी है इस बाबत जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने दावा किया जिला प्रशासन ने जिस स्तर पर हर लिहाज से मतदाता को ईवीएम में मतदान कैसे करें, वीवीपैट कैसे काम करता है और मतदान के क्या फायदे होते हैं जैसी जानकारियां दी है उससे यही प्रतीत होता है कि जब भी चुनाव होंगे यहां मतदान प्रतिशतता में जरूर अच्छा आंकड़ा देखने को मिलेगा।
