बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- गांव कसोल के नाला स्थल के पास बने बस स्टॉप के पास एक खड़ी बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि खड़ी बस में अचानक आग लग गई और धू-धू कर जलने लगी। जबकि इस खड़ी बस को 30 मिनट बाद हरनोड़ा स्थित कोल वैली एजुकेशन सोसाइटी के कोल वैली पब्लिक स्कूल के लिए निकलना था।
बताया जा रहा है कि सुबह किसी ने देखा कि बस में आग सुलग रही है और धुआं निकल रहा था। देखते-देखते अचानक बस में बड़ी तेज लपटों के साथ आग भडक़ गई। वहीं, स्थानीय पंचायत प्रधान देशराज ठाकुर ने सूचना मिलते ही सेडपा स्थित एनटीपीसी परियोजना की फायर ब्रिगेड के इंस्पेक्टर मुनीष सारस्वत को सूचित किया। घटना का पता चलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड ने बस को लगी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन उतने में बस लगभग जल चुकी थी।
इंस्पेक्टर मुनीष सारस्वत ने बताया कि एनटीपीसी कोल डैम सीआईएसएफ इकाई के बल सदस्यों ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। उन्होंने कहा कि इस हादसे से कुछ ही देर बाद बस में स्कूली बच्चे सवार होने वाले थे।
