नाहन/देवेन्द्र कुमार: आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी सुनील शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ आज नाहन बाजार में लोगों से समर्थन की अपील की। उन्होंने दावा किया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र से इस बार पार्टी जीत दर्ज करेगी। सुनील शर्मा का मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार राजीव बिंदल व काँग्रेस नेता अजय सोलंकी से है।
मीडिया से बात करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि पार्टी नाहन विधानसभा क्षेत्र के त्रिलोकपुर, मोगिनंद, बर्मा पापड़ी , पालियों, क्यारदा, फतेहपुर आदि पंचायतों में चुनाव प्रचार कर चुकी है। इस दौरान लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने दावा किया है कि इस बार नाहन विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी जीत दर्ज करेगी। सुनील शर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नाम पर लोग वोट डालेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाती है तो पार्टी ने जो गारंटी दी है, उन्हें जल्द लागू करेगी। जिसमें 3 हजार रूपए भत्ता बेरोजगार युवाओं को और महिलाओं को 1000 रुपय महिला सम्मान भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर आम आदमी पार्टी हिमाचल में पुरानी पेंशन को बहाल करेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जल्द ही यहां पार्टी के स्टार प्रचारक भी चुनाव प्रचार करेंगे।
