योगेश शर्मा,सोलन: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 43वां प्रांत अधिवेशन रविवार शाम सोलन पुलिस ग्राउंड में शुरू हो रहा है। अधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए ग्राउंड में टेंट लगाए गए हैं। पहले दिन प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा। आने वाले 2 दिनों में विद्यार्थी परिषद का खुला अधिवेशन होगा। सोमवार सुबह खुले अधिवेशन का उद्घाटन होगा। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा मुख्य अतिथि रहेंगे। इसी शाम सोलन के ओल्ड बस स्टैंड पर एक जनसभा भी होगी। इस अधिवेशन में एबीपीपी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री का चुनाव भी होगा।
छात्र संगठन के प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने कहा कि 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस अधिवेशन में पिछले साल की गतिविधियों पर चर्चा के साथ आने वाली सार की गतिविधियां तय की जाएंगी। पुरी ने कहा कि अधिवेशन एक प्रकार से लघु हिमाचल का रूप पेश कर रहा है क्योंकि इसमें किन्नौर के दूरदराज क्षेत्रों से लेकर चंबा तक के छात्र भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि रविवार शाम को एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। जिसमें राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित विद्या नंद सरैक मुख्य अतिथि रहेंगे। इस प्रदर्शनी में पूरी हिमाचल की संस्कृति को दर्शाया गया है। अधिवेशन में छात्र हितों को लेकर विस्तार से चर्चा होगी।
3 अक्टूबर को सुबह अधिवेशन के उद्घाटन के बाद शाम को शहर में रैली निकाली जाएगी और ओल्ड बस स्टैंड पर जनसभा होगी। इस अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिलों से संगठन के करीब 800 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
