बिलासपुर, सुभाष-: दधोल के पास एक कैंटर की दूसरी गाड़ी से टक्कर के बाद कथित पशु तस्करी का मामला सामने आया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने आगे जाकर पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कैंटर में पशुओं को ठूंसकर ले जाने का मामला उजागर किया।बताया जा रहा है कि कैंटर में कई गाय-बैलों को बेहद कम जगह में भरकर ले जाया जा रहा था। मौके पर जांच के दौरान वाहन की नंबर प्लेट को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए। कैंटर जम्मू-कश्मीर नंबर का बताया जा रहा है, जबकि उस पर हरियाणा की नंबर प्लेट लगी हुई थी। आरोप है कि वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट बदली गई थी।
समाजसेवी सुनील शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कैंटर में बंद पशुओं को बाहर निकलवाने में मदद की। इसके बाद सभी गाय-बैलों को सुरक्षित रूप से नजदीकी गौ सदन पहुंचाया गया, जहां उन्हें रखा गया है।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कैंटर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पशुओं को कहां से लाया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और वाहन पर अलग नंबर प्लेट लगाने के पीछे क्या वजह थी। पुलिस चालक से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

