Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिले के थापना फोरलेन क्षेत्र में बजरंग दल और गौ रक्षा दल लवली बिलासपुर की टीम ने पशु क्रूरता के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए भैंसों से भरे दो वाहनों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान कई निरीह पशुओं को अमानवीय परिवहन से मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने सबसे पहले पिकअप वाहन संख्या UP11CT-2664 को रोका।
इस वाहन में पांच भैंसें और एक कटड़ा बेहद क्रूर और अवैध तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। वाहन को रोके जाने के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति ने अपना नाम हासिन चौधरी निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पशुओं की स्थिति अत्यंत खराब थी और उनके साथ की जा रही क्रूरता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।
इसके कुछ ही समय बाद टीम ने एक अन्य कैंटर वाहन संख्या HP62A-2651 को भी पकड़ा। इस कैंटर में नौ भैंसें और पांच कटड़े अवैध रूप से लदे हुए पाए गए। कैंटर चालक ने अपना नाम फैजान पठान निवासी नाहन, जिला सिरमौर बताया। दोनों ही मामलों में पशुओं को बिना किसी मानक और नियमों का पालन किए ले जाया जा रहा था।घटना की सूचना तुरंत थाना स्वारघाट पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही जब्त किए गए पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बजरंग दल प्रधान मनीष कुमार ने कहा कि पशु क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
