मंडी/परी शर्मा: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद अब सीएम जयराम ठाकुर भी यह स्पष्ट कर गए हैं कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मान-सम्मान को बरकरार रखा जाएगा। आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के भराड़ी में आयोजित चुनावी जनसभा में सीएम ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के रूप में उन्हें एक ऐसा साथी मिला है जिसने हर कदम पर साथ दिया है। बहुत सी बातों को महेंद्र सिंह ठाकुर बिना कहे ही समझ जाते हैं और इससे बेहतर साथी किसी को नहीं मिल सकता। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को महेंद्र सिंह ठाकुर ने वर्षों तक सींचा है और अब इसे संभालने का दायित्व रजत ठाकुर को मिला है। रजत ठाकुर को धर्मपुर की जनता भारी मतों से जीताकर विधानसभा भेजे। धर्मपुर का जो मान-सम्मान है उसे बरकरार रखा जाएगा और यहां के विकास में भविष्य में भी कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
जयराम ठाकुर का काम करने का तरीका अलग व बेहतर: महेंद्र सिंह ठाकुर
उपस्थित जनसूमह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू बहने लग गए। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यमंत्री धर्मपुर में जो विकास करवाया है उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया लेकिन जयराम ठाकुर का काम करने का तरीका और काम के प्रति नजरिया सबसे बेहतर और अगल है। उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील की कि जयराम ठाकुर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें ताकि उन्हें हर कदम पर मजबूत किया जा सके।
भावुक होकर रो पड़े रजत ठाकुर
धर्मपुर से भाजपा प्रत्याशी रजत ठाकुर भी अपने पिता महेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किए हुए विकास को गिनवाते हुए भावुक हो गए और रो पड़े। उनकी बहन वंदना गुलेरिया ने उनके पास आकर रजत ठाकुर को गले लगाया। रजत ने कहा कि आज धर्मपुर में वे जहां भी जाते हैं उन्हें अपने पिता के किए हुए विकास कार्य हर मोड़ पर नजर आते हैं। यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें ऐसे पिता का साया मिला है। उन्होंने भी धर्मपुर की जनता से अनुरोध किया कि धर्मपुर के विकास को लगातार जारी रखने के लिए भाजपा का सहयोग करें और इसे किसी ऐसे हाथों में न जाने दें जो धर्मपुर के बारे में न सोचकर सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं।
