नाहन/देवेन्द्र कुमार: ऐतिहासिक गुरुद्वारा दशमेश अस्थान साहिब नाहन में आज गुरू नानक देव महाराज जी का प्रकाश उत्सव बड़ी धुमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा परिसर में बीते 3 दिनों से चल रहे अखंडपाठ साहिब की सर्वप्रथम समाप्ति हुई। इसके उपरांत गुरूद्वारा परिसर में कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय रागी जत्थों समेत बाहरी राज्यों से आए रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया।

इस मौके पर देश की केंद्र मंत्री स्मृति ईरानी, सांसद राज कुमारी दिया कुमारी समेत राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कुरूक्षेत्र के सांसद नायब सैनी व स्थानीय भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. राजीव बिंदल ने भी गुरू ग्रंथ साहिब महाराज जी के चरणों में शीश नवाकर आर्शीवाद प्राप्त किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

जानकारी देते हुए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमृत सिंह शाह ने बताया कि गुरु नानक देव महाराज जी का प्रकाश उत्सव आज देश भर में बड़ी श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नाहन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा दशमेश अस्थान साहिब में भी गुरू नानक देव जी के प्रकाश उत्सव को समर्पित कई कार्यक्रम आयोजित हुए और दोपहर बाद गुरुद्वारा परिसर से एक विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। जो शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए गुरुद्वारा परिसर में देर शाम सम्मपन्न हुआ।
