राकेश,ऊना: प्रदेश में ओल्ड पेंशन बहाली की मांग को लेकर एनपीएस कर्मचारी संघ ने सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू कर दी है। इसे लेकर क्रमिक अनशन प्रदेश भर में एनपीएस कर्मचारियों की ओर से किया जा रहा है। तो वहीं अब आम आदमी पार्टी भी ओल्ड पेंशन बहाली की मांग के समर्थन में उतरी है। कर्मचारियों की मांग को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन किया। वहीं जिला मुख्यालय ऊना में भी आम आदमी पार्टी ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर जिला मुख्यालय पर रैली निकाली।
रैली की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष यशपाल ने की। यह रैली बस स्टैंड ऊना से लेकर डीसी आफिस तक निकाली गई जिसमें भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिला अध्यक्ष यशपाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल किए जाने को लेकर यह रैली निकाली गई है। कर्मचारियों के समर्थन के लिए वह सड़कों पर उतरे है।
उन्होंने प्रदेश में आप की सरकार बनते ही
पुरानी पेंशन बहाल करने का दावा भी किया। वहीं, सरकार को चेताया कि सरकार एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों के हितों को देखते हुए ओपीएस बहाल करे, ताकि कर्मचारियों को लाभ मिल सके। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर ओपीएस को लेकर कर्मचारियों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया ।
