Shimla, Sanju (TSN)-शिमला शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। बीते तीन दिनों से जारी सैहब सोसायटी के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब समाप्त हो गई है। शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान के आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौटेंगे।
बता दें कि सैहब सोसायटी के कर्मचारी 10% सालाना वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों को वेतन वृद्धि शीघ्र लागू करने और उनके हितों में काम करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस का प्रस्ताव भी हाउस में पास हो चुका है।
सुरेंद्र चौहान, महापौर, एमसी शिमला
“हम सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर हैं और जल्द ही वेतन वृद्धि को लागू किया जाएगा।”
वहीं, CITU के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र मैहरा ने नगर निगम प्रशासन पर आरोप लगाए कि यह देरी कमिश्नर की तानाशाही है। उन्होंने हड़ताल के दिनों का वेतन देने, कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम समान वेतन लागू करने और QR कोड हाजिरी प्रणाली को रद्द करने की मांग की है।
विजेंद्र मैहरा, प्रदेश अध्यक्ष, CITU
“मजदूर आठ-दस साल से आउटसोर्स पर काम कर रहे हैं, जबकि दो साल में नियमित किए जाने का प्रावधान है। हम ESI और अन्य अधिकारों की भी मांग कर रहे हैं।”
