Chamba, Manjur Pathan (TSN)- चंबा जिले की चुराह विधानसभा क्षेत्र के नागरिक अस्पताल तीसा में इन दिनों वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बदलते मौसम के चलते सर्दी, जुकाम, बुखार और डायरिया के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से कई को भर्ती भी किया जा रहा है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसमी बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ना सामान्य है, लेकिन आगामी बरसात के मौसम में इनकी संख्या और अधिक हो सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
डॉ. ऋषि पुरी ने नागरिकों को सलाह दी है कि:
- बाहर का खाना खाने से परहेज करें।
- केवल उबला हुआ या स्वच्छ पानी ही पिएं।
- साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लक्षण नजर आते ही तुरंत अस्पताल में जांच करवाएं और लापरवाही न बरतें।
