बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला बिलासपुर के शक्तिपीठ श्री नैना देवी में जहां पर कुछ दिन पहले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी, वहीं पर हिमाचल प्रदेश में आई बरसात कि त्रासदी के बाद श्रद्धालुओं की संख्या नाममात्र ही रह गई ।पूरा मंदिर परिसर में सन्नाटा पसरा है यहां तक कि बाजार, रोपवे स्टेशन, पार्किंग स्टैंड और बस अड्डा पर सब खाली पड़ा है । ऐसा लगता है कि मानो लॉकडाउन का दौर फिर से शुरू हो गया हो । हालांकि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो चुके हैं और धार्मिक स्थल को जोड़ने वाली सड़कें भी ठीक कर दी गई है, लेकिन अभी भी श्रद्धालुओं ने हिमाचल का रुख नहीं किया है ।
दुकानदारों का काम भी हो रहा प्रभावित
शक्तिपीठ श्री नैना देवी में जहां पर इस समय सीजन का समय होता है । इन दिनों जहां भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं, वहीं पर हिमाचल प्रदेश में जिस तरह से बरसात का सैलाब आया उसके बाद यहां का जनजीवन थम सा गया है । श्रद्धालु जो पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से प्रतिदिन हजारों की संख्या में माता के दरबार में पहुंचे थे उनकी संख्या घटकर नाममात्र ही रह गई है । बहुत ही कम संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं । हालांकि बरसात के समय माता का यह दरबार भी बरसात का नुकसान झेल चुका है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी सड़कों को पुनः ठीक कर दिया है । लेकिन अभी भी श्रद्धालु माता के दरबार में बहुत ही कम संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों का रोजगार भी काफी प्रभावित हो रहा है ।
