मंडी,धर्मवीर(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एआइएमआइएम नेता शोएब जामई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।मंडी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस अवैध मस्जिद को पुलिस-प्रशासन द्वारा सील किया गया है उसमें जबरन घुसकर और वहां का वीडियो बनाकर एआइएमआइएम नेता ने शिमला में कायम हो रही शांति को भंग करने की कोशिश की है। एआईएमआईएम नेता ने वीडियो बनाया है जिसमें वह मस्जिद के सामने वाले भवन को उसकी ऊंचाई के आधार पर गिराने की बात कह रहे हैं जबकि उन्हें यही मालूम नहीं कि वो भवन वैध तरीके से बना है जबकि मस्जिद का निर्माण अवैध तरीके से हुआ है।इस प्रकार का वीडियो बनाकर उन्होंने हिंदू समाज के लोगों की भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है।
जयराम ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है उक्त नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है लेकिन ऐसे कृत्य पर सिर्फ एफआईआर ही दर्ज नहीं होनी चाहिए बल्कि प्रदेश सरकार इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई अम्ल में लाए क्योंकि उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने का प्रयास किया है।वहीं जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस बात ही हैरानी है कि हिमाचल में उपजे अवैध मस्जिद निर्माण विवाद में कांग्रेस व सीपीआईएम एक जैसी बयानबाजी की जा रही है। सीपीआईएम कानूनी तरीके से इस मसले को सुलझाने के बातें कर रही है,जबकि भाजपा पहले से ही इस बात को कह रही है। जयराम ने कहा कि यह मुद्दा किसी पार्टी विशेष का नहीं बल्कि हिमाचल की जनता की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।जिस पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए,न कि दशकों का इंतजार होना चाहिए।
कंगना के बयान से किया किनारा,बोले यह उनकी निजी राय
वहीं जयराम ठाकुर ने कंगना के बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि जो किसानों को लेकर जो बयान सांसद कंगना रनौत ने दिया है वो उनकी निजी राय है,यह पार्टी का मत नहीं है और पार्टी ने इस बारे में स्थिति स्पष्ट भी कर दी है।कंगना ने भी खुद इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे दी है।
