नाहन (देवेन्द्र कुमार): सिरमौर जिले के शिलाई में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ‘प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह में अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाटी समुदाय की मांगों को राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार के समक्ष रखा है और इन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों की उचित मांगों पर सहानुभूतिपूवर्क विचार करेगी। जयराम ने क्षेत्र में मनाए जाने वाले गुगा नवमी मेला को जिला स्तरीय दर्जा प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की स्थापना में सिरमौर के सपूत डॉ. यशवंत सिंह परमार ने अग्रणी भूमिका निभाई थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जब भी वह शिलाई आते हैं, तो उन्हें अपने गृह क्षेत्र सराज की याद आ जाती है, क्योंकि दोनों क्षेत्रों की भौगोलिक संरचना एक समान ही है। शिलाई क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उन्होंने सदैव प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि शिलाई और शिमला के बीच बेहतर सड़क सम्पर्क स्थापित करने के लिए 1350 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए उप-मण्डलाधिकारी (नागरिक), खण्ड विकास अधिकारी, पुलिस उप-अधीक्षक, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, विद्युत मण्डल और जल शक्ति मण्डल कार्यालय खोले गए हैं। क्षेत्रवासियों को घरद्वार के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए यहां विभिन्न स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं।
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सिरमौर जिला के लोगों की उचित मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहते हैं। सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हाटी समुदाय की मांग हर स्तर पर उठाई जा रही है और शीघ्र ही इस बारे में क्षेत्र के लोगों को अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदैव ही बिना किसी विलम्ब के क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक मांगों को पूरा किया है, जिसके लिए शिलाई के लोग मुख्यमंत्री के ऋणी हैं।
