सोलन/योगेश शर्मा – कालका शिमला नेशनल हाईवे पर सोलन बाईपास पर सेब से लदी एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुक्रवार को शमलेच से कुछ दूर यह हादसा सुबह करीब 8 बजे पेश आया। गनीमत यह रही कि इसमें किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। पिकअप क्रैश बैरियर के सहारे लटक गई।
जानकारी के अनुसार यह पिक अप शिमला जिला के रोहड़ू से सेब लादकर पंचकूला जा रही थी। पिकअप के ड्राइवर विकी के अनुसार गाड़ी का अगला टायर फटने की वजह से यह दुर्घटना हुई। इन दिनों हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन जोरों पर ही। आए दिन कालका- शिमला नेशनल हाईवे पर गाड़ियां पलटने के मामले सामने आ रहे हैं। इस सीजन में ही जाबली के पास एक ही जगह चार बार ट्रक पलट गए हैं। इसी तरह वीरवार को जाबली के पास ही एक इनोवा कार भी सड़क नीचे गिर गई थी।
बीते 12 अगस्त को शमलेच में टनल को जाने वाली फोरलेन प्रोजेक्ट की सड़क धंसने से इन दिनों सोलन- कुमारहट्टी के बाईपास पर ही दोनों तरफ का ट्रैफिक चलाया जा रहा है। इस कारण भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
