संजीव महाजन,नूरपूर: विधानसभा ज्वाली के तहत आने वाली कैहरियां पंचायत के अर्जित कुटलैहडिया ने अपने सूबे का नाम रोशन किया है। अर्जित 4 पैरा में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अर्जित कुटलैहडिया का जन्म 5 अगस्त 2001 को कैहरियां निवासी राजेश कुमार व अंजना देवी के घर में हुआ। अर्जित कुटलैहडिया ने आठवीं की पढ़ाई स्प्रिंग डेल कान्वेंट स्कूल पलौहड़ा में की।
10वीं की पढ़ाई सेंट पॉल स्कूल पालमपुर से की ओर जमा दो की पढ़ाई उन्होंने डीएवी पालमपुर से की। इसके बाद अर्जित कुटलैहडिया की सिलेक्शन एनडीए में हुई और 9 दिसंबर को आईएमए देहरादून से वह पासआउट हुए। उनके पिता राजेश कुमार ने स्टार लगाए। अर्जित कुटलैहडिया के पिता राजेश कुमार हिमाचल पुलिस डरोह में बतौर कांस्टेबल कार्यरत हैं। वहीं अर्जित कुटलैहडिया की माता अंजना देवी का करीब पांच साल पहले देहांत हो चुका है। अर्जित कुटलैहडिया की बहन अर्पिता पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ कर रही है। रविवार को घर पहुंचने पर अर्जित कुटलैहडिया का जोरदार स्वागत किया गया। कुटलैहडिया अब उधमपुर में अपनी सेवाएं देंगे।
अर्जित अपनी माता की याद में उनकी तस्वीर के समक्ष खड़ा होकर भावुक हो गया ओर उनकी आंखों से अश्रु की धारा थमने का नाम नहीं ले रही थी। अर्जित कुटलैहडिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता-माता, गुरुजनों व कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती है बशर्ते मंजिल तक पहुंचने का जुनून होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह देश की सेवा में अपनी जान तक समर्पित करने से पीछे नहीं हटेंगें। देश की रक्षा करने में अगर प्राण भी न्यौछावर करने पड़ जाएं तो एक पल भी पीछे नहीं हटेंगे।
