Mandi, Dharamveer-:ट्रायम्फ एफसी की अंडर-13 बालिका फुटबॉल टीम ने अश्मिता कप राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप में शानदार, अनुशासित और प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया है।इस शानदार जीत के साथ टीम ने अश्मिता कप नॉर्थ ज़ोन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां वह हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।ट्रायम्फ एफसी के अध्यक्ष सुशांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नॉर्थ ज़ोन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कुल छह टीमें भाग लेंगी, जिनमें हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, पंजाब और दिल्ली शामिल हैं। ट्रायम्फ एफसी अपना राष्ट्रीय अभियान 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहले मुकाबले से शुरू करेगी।
इस अवसर पर सुशांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (HPFA) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रतिस्पर्धी मंच प्रदेश में बालिका फुटबॉल के विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से हिमाचल की बेटियों को फुटबॉल में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं। उन्होंने प्रधान जिला फुटबॉल संघ मण्डी एवं छोटी काशी मण्डी के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दौरान टीम के साथ कोच के रूप में राजिंदर सिंह बधवाल रहेंगे, जबकि अकृति धनवाल टीम मैनेजर की भूमिका निभाएंगी।ट्रायम्फ एफसी की अंडर-13 बालिका टीम की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश में जमीनी स्तर पर बालिका फुटबॉल की निरंतर प्रगति और संरचित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सशक्त उदाहरण है।
