अरविंदर,हमीरपुर(TSN): हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से जिला प्रशासन और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन के सहयोग से 3, 4 और 5 नवंबर को नादौन में ऑल इंडिया राफ्टिंग मैराथन सीरीज एवं एशियन चैंपियनशिप की मैराथन स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा हैं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस आयोजन को एक व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली देश-विदेश की टीमों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ इस आयोजन के माध्यम से नादौन में एडवेंचर स्पोर्ट्स, एडवेंचर टूरिजम और धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन की संभावनाओं की ब्रांडिंग भी की जाएगी जिसके लिए जिला हमीरपुर के अलावा व्यास नदी के साथ लगते क्षेत्र में सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार यहां एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है और मुख्यमंत्री स्वयं इसके उद्घाटन या समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीम भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय टीमों के अतिरिक्त देश के विभिन्न राज्यों, थल सेना, बीएसएफ, अन्य अर्द्धसैनिक बलों ओर हिमाचल की स्थानीय टीमें भी इसमें भाग लेंगी।
बता दें कि विशेषज्ञों के अनुसार नादौन में ब्यास की जलधारा और यहां का मौसम रिवर राफ्टिंग ओर अन्य वाटर स्पोर्ट्स के लिए बहुत ही अनुकूल हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिताओं के लिए भी विशेषज्ञ नादौन और इसके आस-पास के क्षेत्र को बहुत ही अच्छी साइट बता रहे हैं। रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के आयोजन से नादौन और इसके आस-पास के क्षेत्र निसंदेह पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक अलग पहचान बनाएंगे।
