मंडी : परी शर्मा – मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन 6 से 10 फरवरी तक होंगे। कलाकारों के ऑडिशन पड्डल मैदान के टेनिस हाल में सुबह साढ़े दस बजे से शाम पांच बजे तक होंगे। ऑडिशन उपमंडल वार लिए जाएंगे।
मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के ऑडिशन 6 फरवरी से शुरू होगेे। अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी ने बताया कि छह फरवरी को मंडी सदर, कोटली और पधर, सात फरवरी को सुंदरनगर, बल्ह, बालीचैकी और जोगिंद्रनगर इसके अलावा आठ फरवरी को करसोग, गोहर, सराज, सरकाघाट, धर्मपुर के कलाकारों के लिए ऑडिशन होंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी ने बताया छह से आठ फरवरी तक मंडी जिला के कलाकारों के ऑडिशन होंगे जबकि नौ और 10 फरवरी को दूसरे जिलों के कलाकारों के लिए ऑडिशन होंगे। नौ फरवरी को कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर, शिमला और बिलासपुर जबकि 10 फरवरी को कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और सोलन जिलों के कलाकारों के ऑडिशन लिए जाएंगे। ऑडिशन में भाग लेने के लिए कलाकार अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय मंडी में आवेदन कर सकते हैं। उनके ईमेल एडीसी मंडी एट द रेट जीमेल डॉट कॉम पर भी आवेदन भेजे जा सकते हैं। ऑडिशन में भाग लेने के लिए आए कलाकारों को आने-जाने एवं रहने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
