मंडी :परी शर्मा – छोटी काशी मंडी के प्राचीन बाबा भूतनाथ मंदिर में भोलेनाथ के प्रतिदिन अलग-अलग स्वरूप दिख रहे हैं। शुक्रवार को बाबा भूतनाथ का सिद्धेश्वर नाथ महादेव के रूप में श्रृंगार हुआ। बाबा भूतनाथ के इस रूप में भक्तों ने लाइनों में लगकर दर्शन किए और शुभ आर्शीवाद प्राप्त किया।
सिद्धेश्वर नाथ महादेव के रूप में हुआ बाबा भूतनाथ का श्रृंगार
मंडी के बाबा भूतनाथ का इन दिनों अलग अलग रूपों में श्रृंगार किया जा रहा है। 20 जनवरी को तारा रात्रि से मक्कखन का लेप कर विभिन्न रूपों में बाबा का श्रृंगार किया जा रहा है। इसी तरह अगले एक माह तक हर रोज महादेव का अलग-अलग रूपों में श्रृंगार किया जाएगा। हर दिन अब श्रद्धालुओं को बाबा भूतनाथ के अलग-अलग रूपों में दर्शन भी होंगे। श्रृंगार प्रक्रिया में आज आठवें दिन भूतनाथ को सिद्धेश्वर नाथ महादेव के रूप में सजाया गया।
मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि छोटी काशी मंडी में रियासत काल से चली आ रही बाबा भूतनाथ के श्रृंगार की अखंड परंपरा एक माह तक लगातार निभाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि तारा रात्रि की मध्यरात्रि से स्वयंभू शिवलिंग बाबा भूतनाथ के घृतमंडल श्रृंगार की रस्में विधिवत रूप से निभाई जा रही है और आज बाबा भूतनाथ श्रद्धालुओं को सिद्धेश्वर नाथ महादेव के रूप दर्शन दे रहे हैं। सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर 700 वर्ष से भी अधिक पुराना है।
