कुल्लू (मनमिन्द्र अरोड़ा): होटल सरवरी कुल्लू में रविवार को टिकट के लिए मेला लगा रहा। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य यहां रविवार टिकटार्थियों से मिलने आए थे ताकि कांग्रेस की मजबूती बनी रहे। लेकिन टिकटार्थियों ने स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष अपने-अपने शक्ति प्रदर्शन किए। सुबह के समय जहां आदित्य विक्रम सिंह ने शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं दोपहर बाद बंजार कांग्रेस के अध्यक्ष एवं टिकटार्थी दुष्यंत ठाकुर भी अपने समर्थकों के साथ होटल सरवरी पहुंचे।
दुष्यंत ठाकुर के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खूब नारेबाजी की और दुष्यंत के लिए टिकट की पैरवी की। इस दौरान दुष्यंत के समर्थकों ने दलबदलू नहीं चलेंगें के भी नारे लगाए। उधर दुष्यंत ठाकुर ने कहा कि जनता की भावनाओं को देखते हुए वे यहां पहुंचे और बंजार की जनता जो चाहती है उसका आदर-सम्मान होगा। गौर रहे कि बंजार से कांग्रेस के 14 प्रत्याशियों ने आवेदन किया है जिसमें दो ने शक्तिप्रदर्शन किया और छह एकजुट होकर मिले और अन्य अपने-अपने समर्थकों के साथ मिले। उधर मनाली विधानसभा क्षेत्र से भी भुवनेश्वर गौड सैंकड़ों समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन किया।
