राकेश, ऊना: ऊना में ट्रैफिक नियमों का सरेआम उल्लंघन करने के बाद भी एक बाइक सवार की ओर से एएसपी की गाड़ी को ही टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस मामले के तहत मंगलवार को जब एडिशनल एसपी प्रवीण धीमान ऊना नंगल हाईवे पर गाड़ियों की चैकिंग कर रहे थे तो उस दौरान कॉलेज के नजदीक बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल स्वारी बैठाए एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवार युवक ने बाइक को रोकने के बजाए एडिशनल एसपी की गाड़ी को ही टक्कर मार दी जिससे गाड़ी में खरोंच आ गई।
ऐसे में तुरंत मौके पर पहुंच कर पुलिस ने बाइक सवार युवक और मोटर साइकिल को डिटेन कर लिया। अब पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। हालांकि उक्त युवक की ओर से मौके पर अपने बचाव में भी काफी दलीलें दी गई। यहां तक कि खुद को बचाने के लिए उसने अपने परिचित लोगों को भी फ़ोन घुमाएं ओर उनसे उसे बचाने की गुहार भी लगाई लेकिन सब बेअसर रहा। बाइक सवार युवक ओर बाइक दोनों को ही पुलिस ने अपने कब्ज़े में ले लिया है।
प्रवीण धीमान एडिशनल एसपी ऊना ने बताया कि बाइक सवार युवकों की ओर से ट्रैफिक नियमों का पालन ना करना कोई बड़ी बात नहीं है। इससे पहले भी पुलिस की ओर से ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने वालों के खिलाफ समय-समय पर सख्त कार्रवाई की जाती रही है। उन्होंने बताया कि उक्त युवक के खिलाफ़ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और युवा पीढ़ी को सड़क पर गाड़ी चलाते समय नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
