नाहन/देवेन्द्र कुमार- हिमाचल में कांग्रेस की सुक्खू सरकार द्वारा दफ्तरों को बंद करने का निर्णय हिमाचल बीजेपी को रास नहीं आ रहा है और अब बीजेपी इसके विरोध में सड़कों पर उतर गई है।
समर्थकों के साथ सड़कों पर उतरे पूर्व ऊर्जा मंत्री
पांवटा साहिब में जयराम सरकार में उर्जा मंत्री रहे सुखराम चौधरी अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर उतरे । इस दौरान बीजेपी समर्थकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की और एसडीम के जरिए राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सरकार द्वारा दिए गए फैसलो पर पुनर्विचार करने की मांग की। मीडिया से बात करते हुए पूर्व ऊर्जा मंत्री व मौजूदा विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने लोगों की मांग पर जो दफ्तर खोले थे, उन से आमजन को सुविधाएं मिल रही थी, मगर इस सरकार ने बदले की भावना से काम करते हुए कई दफ्तरों को बंद किया है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सुखराम चौधरी ने कहा कि 1 अप्रैल के बाद जो संस्थान पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए, उन्हें बदले की भावना से काम करते हुए मौजूदा सरकार द्वारा बंद किया जा रहा है।
कब पूरी होंगी कांग्रेस की 10 गारण्टी
सुखराम चौधरी ने कहा कि सुक्खू सरकार को उन वायदों पर ध्यान देना चाहिए जो उन्होंने आम जनता से किए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 10 दिनों के भीतर उनके द्वारा दी गई 10 गारंटी को पूरा करने का वायदा किया था, मगर आज अपना कोई भी वायदा सरकार पूरा नहीं कर पाई है। सुखराम चौधरी ने यह भी कहा कि पूर्व की वीरभद्र सरकार ने चुनावी समय में कई घोषणाएं की थी , जिसको सत्ता में आते भाजपा ने बरकरार रखा और विकास कार्य को आगे बढ़ाया , लेकिन मौजूदा सरकार बदले की भावना से आगे बढ़ रही है।
