Una, Rakesh-जिला ऊना की हरोली विधानसभा में एक पूर्व सैनिक के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेता राम कुमार शर्मा ने ऊना में प्रेस वार्ता कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और पुलिस की कार्रवाई पर कड़े सवाल उठाए।
राम कुमार शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले अवैध खनन को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों ने पूर्व फौजी दीपक पर जानलेवा हमला कर मारपीट की। कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए जबकि दीपक वहीं पर मौजूद रहे और उन्हें पीटा गया।हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने उल्टा पूर्व सैनिक के खिलाफ ही धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। भाजपा ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव का नतीजा बताया है और चेतावनी दी है कि यदि पूर्व फौजी को न्याय नहीं मिला, तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
राम कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हरोली में खनन और ड्रग्स माफिया फले-फूले हैं। अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पूर्व सैनिक तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और वे जल्द एसपी से मिलकर कार्रवाई की जानकारी देंगे।गौरतलब है कि इस मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
