Nurpur, Sanjeev -नूरपुर के ऐतिहासिक श्रीबृजराज स्वामी मंदिर में 15 से 16 अगस्त तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम अरुण शर्मा की अध्यक्षता में दूसरी समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की।
एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और महोत्सव की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी विभागों को पहले से कार्य सौंप दिए गए हैं। नगर परिषद को मेला स्थल पर मूवेबल टॉयलेट्स की व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति तथा अस्थायी नलों की स्थापना करने को कहा गया है, वहीं बिजली बोर्ड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एसडीएम ने बताया कि महोत्सव के दौरान बाहर से आने वाले वाहनों के लिए बचत भवन के पास विशेष पार्किंग स्थल बनाया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो। साथ ही, 15 व 16 अगस्त को प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी।
महोत्सव की निगरानी और समन्वय के लिए तहसीलदार राधिका सैनी को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम ने सभी विभागों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि महोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और सुव्यवस्था के साथ संपन्न किया जा सके।बैठक में राज्य कर एवं आबकारी उप आयुक्त प्रीतपाल सिंह, पीडब्ल्यूडी एसडीओ बलविंद्र सिंह, इंडस्ट्रीज ईओ अर्जुन वर्मा, खनन अधिकारी सुरेश कुमार, मंदिर कमेटी के प्रधान दविंदर शर्मा, सदस्य नरेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
